झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू पुलिस मुठभेड़ में मारा गया, लारेंस बिश्नोई का था दायां हाथ, रायपुर जेल से रांची आने के क्रम में पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त
अनिल मिश्र/ रांची
झारखंड प्रदेश में आतंक का पर्याय बन चुका अमन साहू का आज आखिरकार अंत हो गया है। रांची पुलिस ने झारखंड के पलामू में हुए एक एनकाउंटर में आज मंगलवार के अहले सुबह उसे मार गिराया है। अमन साहू कितना बड़ा गैंगस्टर था इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि उसे झारखंड का लॉरेंस बिश्नोई भी कहा जाने लगा था। जिस तरह जेल में बंद में रहकर लॉरेंस बिश्नोई दिल्ली से मुंबई तक वसूली, लूट से हत्या तक करता है उसी तरह अमन साहू भी छत्तीसगढ़ की जेल से पूरा नेटवर्क चला रहा था। काफी दुबले-पतले शरीर और मासूम से चेहरे वाले अमन साहू पर दो सौ से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं । वहीं अमन साहू खुद को लॉरेंस बिश्नोई का करीबी भी बताता था।
वह छत्तीसगढ़ के रायपुर जेल में बंद रहने के बाबजूद पिछले वर्ष झारखंड प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत भी आजमाना चाहता था। लेकिन किन्हीं कारणों से वो विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ सका। पिछले कई सालों से हार्डकोर नक्सली रहा अमन साहू पिछले कई सालों से आपराधिक गैंग चला रहा था। वह वसूली से लेकर हत्या और लूट का बड़ा नेटवर्क चला रहा था जिसमें सैकड़ों शूटर्स और गुर्गे शामिल हैं। झारखंड से छत्तीसगढ़ तक अमन साहू मुख्यतौर पर कोयला कारोबारियों को निशाना बनाता था। वह कोयला कारोबार से जुड़े लोगों से वसूली करता था और इनकार किए जाने पर हत्या कर देता था। हाल ही में उसने एक कोयला ट्रांसपोर्टर पर फायरिंग कराई थी।
इसी मामले में पूछताछ के लिए रांची पुलिस उसे रायपुर जेल से झारखंड की राजधानी रांची ला रही थी। वह छत्तीसगढ़ के रायपुर जेल में रहकर ही वह अपने पूरे गैंग को चला रहा था और एक के बाद एक आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस मुठभेड़ में आज मारा गया अमन साहू खुद को लॉरेंस बिश्नोई का भी करीबी बताता था। इस संबंध में बताया जाता है कि लॉरेंस बिश्नोई को वह शूटर्स और गुर्गे उपलब्ध कराता था। बदले में उसे लॉरेंस गैंग से कई आधुनिक हथियार भी मिले हुए थे। गैंगस्टर अमन साहू सोशल मीडिया पर भी खूब एक्टिव रहता था। उसका गैंग के विदेश में बैठा एक शख्स उसे ऑपरेट कर रहा था। आज सुबह हुए एनकाउंटर से 15 घंटे पहले भी अमन साव की एक तस्वीर को फेसबुक पर पोस्ट किया गया था।
आज झारखंड पुलिस ने झारखंड के कुख्तात गैंगस्टर अमन साहू को एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया है। झारखंड पुलिस अमन को रायपुर जेल से रिमांड पर रांची ले जा रही थी। पलामू में पुलिस टीम पर बम से हमला किया गया और अमन ने इंसास राइफल छीनकर भागने की कोशिश की। इस दौरान वह मुठभेड़ में मारा गया। एक पुलिसकर्मी भी जख्मी हुआ है।इस एनकाउंटर आज मंगलवार की अहले सुबह पलामू जिले में चैनपुर के अंधारी धौड़ा में हुआ। इस संबंध में पुलिस ने बताया, ‘जब रांची पुलिस अमन साहू को रायपुर से ला रही थी। पलामू में गैंगस्टर के साथियों ने बम से हमला किया। इससे पुलिस की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अमन ने पुलिसकर्मी से इंसास राइफल छीनकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे रुकने के लिए कहा। लेकिन भागते हुए उसने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे मार गिराया।’ इस संबंध में पुलिस ने बताया कि इस घटना में एक जवान भी एनकाउंटर में जख्मी हुआ है। फिलहाल झारखंड पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है उसके बाद ही विस्तृत जानकारी प्राप्त होने की उम्मीद है।