IPL 2023 ट्रॉफी पर चेन्नई सुपरकिंग्स ने कब्जा जमा लिया है। टीम ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम को 5वीं ट्रॉफी मिली है। चेन्नई की सफलता का जितना श्रेय कप्तान धोनी को जाता है, उतना ही उनके सलामी बल्लेबाजों को भी। पूरे सत्र में सलामी बल्लेबाजों ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। इसमें भी ऋतुराज गायकवाड का प्रदर्शन तो लाजवाब ही रहा। उन्होंने हर मैच में रन बनाए। आईपीएल समाप्त होने के बाद गायकवाड़ की शादी को लेकर चर्चे हैं।
खबर है कि चेन्नई सुपरकिंग्स के सलामी बल्लेबाज गायकवाड़ जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। वह तीन जून को उत्कर्षा पवार से शादी करेंगे। उत्कर्षा महाराष्ट्र की क्रिकेटर हैं। वह अपने राज्य के लिए खेल चुकी हैं। उन्होंने अपना आखिरी मैच नवंबर 2021 में सीनियर विमेंस वनडे ट्रॉफी में पंजाब के खिलाफ खेला था। 24 साल की उत्कर्षा का जन्म 13 अक्तूबर 1998 को हुआ था। वह फिलहाल पुणे के इंस्टिट्यूट ऑफ न्यूट्रीशन एंड फिटनेस साइंसेस में पढ़ाई कर रही हैं।
ऋतुराज ने शेयर की थी फोटो
ऋतुराज ने आईपीएल का खिताब जीतने के बाद सोशल मीडिया पर धोनी के साथ एक फोटो शेयर की थी। इस फोटो में उत्कर्षा पवार नजर आ रही हैं। ऋतुराज ने उन्हें अपने जीवन का सबसे खास इंसान बताया था और अब वह उनके साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।
IPL 2023 में खूब चला गायकवाड़ का बल्ला
आईपीएल 2023 में ऋतुराज गायकवाड़ शानदार लय में दिखे थे। उन्होंने 16 मैच की 15 पारियों में 42.14 के औसत और 147.50 के स्ट्राइक रेट से 590 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 46 चौके और 30 छक्के भी निकले। उन्होंने इस सीजन चार अर्धशतक भी लगाए और उनकी सबसे बड़ी पारी 92 रन की थी। भारत के लिए एक वनडे और नौ टी-20 खेलने वाले ऋतुराज ने देश के लिए कुल 154 रन बनाए हैं। टी-20 में वह एक अर्धशतक भी लगा चुके हैं।