Himani Narwal Murder: हाथों में मेहंदी...गले में चुन्नी और नाक से बहता खून, कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल
हरियाणा के सांपला में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता की गला घोंटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। उसका शव सूटकेस में मिला है। हाथों में मेहंदी लगी है। गले में चुन्नी थी। नाक से खून बह रहा था। घर पर चार दिन से ताला लटका मिला है।
कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता हिमानी नरवाल (22) की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह उसका शव सूटकेस में सांपला बस स्टैंड के पास रोहतक-दिल्ली रोड के किनारे मिला। हिमानी रोहतक में कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता थी, जो राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल रही थी, साथ ही सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती थी।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हिमानी की हत्या की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 11 बजे सांपला बाईपास नेशनल हाईवे नंबर 9 पर बस स्टैंड के साथ लगती दीवार के पास काले रंग के नए सूटकेस में शव मिला।
पुलिस ने एफएसएल एक्सपर्ट डॉक्टर सरोज दहिया के साथ जांच की। लड़की के गले में चुन्नी बंधी मिली। एफएसएल टीम को युवती की नाक से खून बहता मिला है। इसके अलावा सूटकेस से कुछ कपड़े भी बरामद हुए हैं। इनके नमूने साक्ष्य के तौर पर लिए गए हैं। युवती के हाथों पर मेहंदी लगी है जबकि कानों में छोटी-छोटी दो-दो बालियां मिली हैं।
जांच में हिमानी नरवाल निवासी विजय नगर के तौर पर पहचान हुई, जो वैश्य लॉ कॉलेज से वकालत की पढ़ाई करने के साथ कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता के तौर पर काम करती थी।
उसने सोशल मीडिया अकाउंट पर सांसद दीपेंद्र हुड्डा, विधायक भारत भूषण बतरा व अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ विधानसभा चुनाव प्रचार के फोटो डाल रखे हैं। हिमानी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं थीं। हिमानी की राहुल गांधी के साथ फोटो भी हैं। वहीं, उसके घर पर पिछले चार दिनों से ताला लटका है।
विजय नगर में हिमानी के पड़ोसियों ने बताया कि हिमानी नरवाल घर पर अकेली रहती थी। मां और छोटा भाई दिल्ली में रहते हैं। वे यहां आते रहते थे। संभवतः यही वजह रही कि युवती के घर नहीं लौटने का परिजनों पता नहीं लगा। ऐसे में उसकी कहीं गुमशुदगी की रिपोर्ट नहीं लिखवाई गई।
सूटकेस पड़ा होने की सूचना मिली थी। इसकी जांच में युवती का शव बरामद हुआ। युवती के गले में चुन्नी लिपटी मिली है। हत्या के बाद शव को यहां फेंका गया है। दुष्कर्म या किसी तरह की अनहोनी के बारे में पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Best channel which comes with Latest Updates
all the information is shared through collecting from internet . we are not responsible for this