लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी(Sambhal Rahul:) बुधवार को उत्तर प्रदेश के कांग्रेस सांसदों के साथ संभल का दौरा करेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। राय ने बताया कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी राहुल के साथ संभल का दौरा कर सकती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘प्रतिनिधिमंडल में उत्तर प्रदेश से पार्टी के सभी छह सांसद शामिल होंगे, जिनका नेतृत्व राहुल गांधी करेंगे। इनमें पार्टी महासचिव और प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे भी शामिल होंगे।’’ प्रदेश कांग्रेस प्रमुख राय ने कहा कि वह भी राहुल गांधी के साथ संभल जाएंगे। रायबरेली से सांसद राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी वाद्रा भी जा सकती हैं।
संभल (Sambhal Rahul:)में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक शनिवार को खत्म हो रही थी, लेकिन जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने इसे बढ़ाकर 10 दिसंबर कर दिया। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 144 (निषेधाज्ञा) जिले में 31 दिसंबर तक लागू रहेगी। जिलाधिकारी ने कहा, ‘‘10 दिसंबर तक कोई भी बाहरी व्यक्ति, सामाजिक संगठन या जनप्रतिनिधि सक्षम प्राधिकार से अनुमति लिए बिना जिले में प्रवेश नहीं कर सकता।’’
स्थानीय अदालत के आदेश पर एक मुगलकालीन मस्जिद का 19 नवंबर को सर्वेक्षण किए जाने के बाद से संभल में तनाव व्याप्त है। अदालत में दायर वाद में दावा किया गया है कि मस्जिद की जगह कभी हरिहर मंदिर हुआ करता था। 24 नवंबर को मस्जिद के दूसरे सर्वेक्षण के दौरान भड़की हिंसा में चार व्यक्तियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए।