Monday, March 10, 2025
27.1 C
Faridabad
इपेपर

रेडियो

No menu items!
HomeEDITORIAL News in Hindiभारतीय मीडिया पर सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव

भारतीय मीडिया पर सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव

Google News
Google News

- Advertisement -

देश रोज़ाना: तकनीक ने सोशल मीडिया के माध्यम से पूरी दुनिया को एक मंच पर लाने का क्रांतिकारी कार्य किया है। काल, परिस्थिति और स्थान विशेष की कोई घटना सोशल मीडिया पर वायरल होकर बहुत कम समय में वैश्विक बहस का विषय बन जाती है। इसकी लोकप्रियता का ही परिणाम है कि आज देशों की मुख्य मीडिया भी सोशल मीडिया के व्यवहारों से न सिर्फ प्रभावित है, बल्कि अनेक अवसरों पर सोशल मीडिया के व्यवहारों का मुख्य मीडिया की कार्यशैली में अनुसरण भी दिखने लगा है। पाकिस्तान और कनाडा में भारत विरोधी तत्वों की हत्या पर इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया की कवरेज में सोशल मीडिया के गैर जिम्मेदार बयानों का प्रभाव आज स्पष्ट रूप से दिखाई पड़ रहा है।

आज सोशल मीडिया के लिए सबसे बड़ा संकट विश्वसनीयता का है। फैक्ट चेकर संस्थाओं का अभूतपूर्व विकास इसका स्पष्ट प्रमाण है। इससे पहले कभी इतने फैक्ट चेकर समूह भारत ही क्या पूरे विश्व में स्थापित नहीं हुए होंगे। वॉट्सऐप यूनिवर्सिटी जैसे कटाक्ष साक्ष्य हैं कि सोशल मीडिया पर उपलब्ध सामग्री को समाज का कोई भी वर्ग आज मान्यता नहीं दे रहा। किसी भी विषय पर किसी का भी कुछ भी बोल देना सोशल मीडिया का शगल बन गया है। विशेषकर राजनीतिक पूर्वाग्रह में आने वाले उत्तरदायित्व विहीन विचारों ने सार्वभौमिक, सामाजिक और प्राकृतिक सिद्धांतों को जैसे ताक पर रख दिया है।

बिना विशेषज्ञता और गैर जवाबदेही वाले बयान और विचार एक पक्ष या वर्ग को लुभाते हैं। इसी तुष्टिकरण के कारण शेष समाज की उपेक्षा या असहमति मायने नहीं रखती। इसी सिद्धांत को अपनाकर देश की मुख्य मीडिया भी आज कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील समाचारों को लोकलुभावन शैली में प्रस्तुत करने को अभिशप्त दिख रही है, जिसका सीधा प्रभाव भारत की सामाजिक शिष्टता और विदेश नीति पर दिखने लगा है। खालिस्तानी आतंकी हरदीप निज्झर की हत्या पर प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की ओर से निज्जर की हत्या में भारत सरकार के एजेंटों की संलिप्तता का बयान अत्यंत गंभीर है। ट्रूडो और लिबरल पार्टी सरकार की ढुलमुल व असंवेदनशील नीतियों के बावजूद भारत जैसे नीति सम्मत राष्ट्र के लिए उनके इस बयान के पीछे कहीं न कहीं भारत की सोशल और मुख्य मीडिया में चल रही खबरों का प्रभाव था। अनेक स्थानों पर मीडिया कवरेज में निज्झर की हत्या पर जैसी वाहवाही परोसी गयी, उसकी अमिधा व्यंजना ने ही ट्रूडो सरकार को एक अमर्यादित, संवेदनाहीन और पूर्णत: असत्य आरोप के लिए प्रेरित किया।

दरअसल निज्झर से पूर्व इंग्लैंड में अवतार सिंह खांडा की मौत को भी पहले सोशल मीडिया ने हत्या साबित करने की कोशिश की। भारत की मुख्य मीडिया के सुर भी सोशल मीडिया के प्रभाव से बदले और वारिस पंजाब दे के संरक्षक अमृतपाल के करीबी खांडा की पेट में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में मौत की खबर पर परोक्ष चुटकियाँ ली गईं। जैसे लाहौर में खालिस्तानी आतंकी परमजीत सिंह की अज्ञात लोगों द्वारा की गई हत्या को भी परोक्ष रूप से महिमामंडित किया जा रहा था। यह अलग बात है कि मांगने के बाद भी कनाडा सरकार अभी तक निज्झर की हत्या से संबंधित कोई साक्ष्य भारत के साथ साझा करने में असमर्थ है।

मुख्य मीडिया की लोकलुभावन रिपोर्टिंग शैली के दुष्प्रभाव कई अन्य मौकों पर भी देखने को मिले हैं, जबकि निश्चित रूप से भविष्य में यह भारत की कूटनीति को असहज कर सकती है। ताजा मामला इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का है। जी-20 सम्मेलन में मेलोनी के भारत आगमन पर उनकी और प्रधानमंत्री मोदी की भेंट को अनायास दृष्टिकोण से सोशल मीडिया ने जमकर हवा दी। भारत की मुख्य मीडिया को पत्रकारिता के मूलभूत सिद्धांतों की ओर लौटते हुए लोकप्रियता के आकर्षण के समक्ष अपनी लक्ष्मण रेखा तय करनी होगी। अन्यथा दिन दूर नहीं जब भारतीय मीडिया की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े होंगे और ह्वॉट्सऐप यूनिवर्सिटी जैसी किसी कटाक्षपूर्ण उपाधि का सामना करना पड़ेगा।
(यह लेखक के निजी विचार हैं।)

– अनिल धर्मदेश

- Advertisement -
RELATED ARTICLES
Desh Rojana News

Most Popular

Must Read

स्वभाव में साम्यता की वजह से पुतिन की ओर झुके ट्रंप?

संजय मग्गूराष्ट्रपति चुनाव के दौरान जनता के बीच दिए गए ‘अमेरिका फर्स्ट’ नारे को लागू करने में डोनाल्ड ट्रंप पूरी शिद्दत से जुट गए...

छोटी मुसीबत को किसान ने बड़ी समझा

बोधिवृक्षअशोक मिश्रजब तक किसी समस्या का सामना न किया जाए, तब तक वह बहुत बड़ी लगती है। सामना किया जाए, तो लगता है कि...

Recent Comments