देश रोजाना, हथीन। जिला स्तरीय गणित प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार बघेल ने किया। इस प्रतियोगिता का आयोजन पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाल में किया गया। इस प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 के छात्रों ने भाग लिया।
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार बघेल ने बताया कि 22 दिसंबर को भारत के महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन का जन्म हुआ था। उनके जन्मदिवस को राष्ट्रीय गणित दिवस के रूप में हमारे देश में मनाया जाता है। श्रीनिवास रामानुजन ने न केवल अपने देश में बल्कि विदेश में भी अपना और अपने देश का नाम रोशन किया। उन्होंने गणित के क्षेत्र में बहुत बड़ा योगदान दिया।
जिला गणित विशेषज्ञ सुखराम ने बताया कि जिला स्तरीय गणित प्रतियोगिता में पलवल जिला के चारों खंडों से प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में 8 टीमों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में गणित से संबंधित विभिन्न मॉडलों की प्रदर्शनी ,मैथ क्विज एवं वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता के चार राउंड हुए, जिसमें राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धतीर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय होडल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में जज के रूप में मुकेश कुमार, वीरेंद्र कुमार, रेखा पांचाल एवं अजय चावला गणित प्रवक्ता ने भूमिका निभाई।