हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री (chautala funeral:)ओम प्रकाश चौटाला को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। चौटाला का अंतिम संस्कार हो गया है। इस दौरान उनके अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। चाहे राजनेता हो या फिर पार्टी कार्यकर्ता या आम लोग। सभी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे थे। मुखाग्नि बड़े बेटे अजय चौटाला और छोटे बेटे अभय चौटाला दोनों ने दी है।
उपराष्ट्रपति(chautala funeral:) जगदीप धनखड़, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कई अन्य नेताओं ने शनिवार को तेजा खेड़ा गांव में पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रमुख जाट नेता और हरियाणा के पांच बार मुख्यमंत्री रहे चौटाला का शुक्रवार को 89 वर्ष की आयु में गुरुग्राम में निधन हो गया था। शनिवार की सुबह, लोगों ने तेजा खेड़ा स्थित चौटाला के परिवार के फार्महाउस पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) प्रमुख के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया था। पंजाब विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ आए उपराष्ट्रपति धनखड़ अपनी पत्नी सुदेश धनखड़ के साथ दोपहर में सिरसा पहुंचे। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) नेता सुखबीर सिंह बादल भी तेजा खेड़ा गांव पहुंचे।
ओमप्रकाश (chautala funeral:)चौटाला के छोटे बेटे अभय सिंह चौटाला (इनेलो नेता), बड़े बेटे अजय सिंह चौटाला (जननायक जनता पार्टी प्रमुख) और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सहित परिवार के अन्य सदस्य वहां मौजूद थे। कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला भी चौटाला को श्रद्धांजलि देने उनके फार्महाउस पहुंचे।
गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए थे। हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया और शनिवार को सभी कार्यालयों में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की।