IPL 2024 Auction: आईपीएल मिनी ऑक्शन 2024 के आयोजन की तारीख आ चुकी है। कल यानी 19 दिसंबर को दुबई में इसका आयोजन होना है। आईपीएल में इस बार ऑक्शन के लिए 333 खिलाड़ियों को चुना गया है। इनमें से 214 भारतीय और 119 विदेशी खिलाड़ी हैं। लेकिन खास बात है कि इस बार ऑक्शनीयर बदल दिया गया है। यानी इस बार की नीलामी में रिचर्ड मैडली और फिलिप एडमीड्स बोली नहीं लगवाएंगे।
IPL 2024 ऑक्शन से पहले बड़ा फैसला
बता दें कि अभी तक विदेशी ऑक्शनीयर आईपीएल में खिलाड़ियों की बोली लगवाते थे। हालांकि, इस बार ऐसा नहीं होगा। इस बार की नीलामी के संचालन का जिम्मा एक भारतीय को दिया गया है। बीसीसीआई ने इस ऑक्शनीयर के नाम की पुष्टि भी कर दी है। खास बात ये है कि इस बार ऑक्शनीयर एक महिला है। आईपीएल के इतिहास में ये पहला मौका होगा जब कोई महिला ऑक्शनीयर खिलाड़ियों को ऑक्शन करेगी।
क्या है ऑक्शनीयर का नाम
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार ऑक्शन में मल्लिका सागर बोली लगवाएंगी। मल्लिका सागर मुंबई की रहने वाली हैं। वह पहले भी नीलामी का काम कर चुकी हैं। मल्लिका ने वुमेंस प्रीमियर लीग 2023 में लगातार 2 बार सफलतापूर्वक सभी खिलाड़ियों की नीलामी करवाई है। क्रिकबज की रिपोर्ट की मानें तो बीसीसीआई ने फ्रेंचाइजियों को सूचित किया है कि एक स्वतंत्र पेशेवर नीलामीकर्ता मल्लिका सागर नीलामी का संचालन करेंगी। वह नीलामी के सभी पहलुओं के लिए एकमात्र मध्यस्थ होंगी।
पहले ये दोनों विदेशी लगवाते थे बोली
IPL की शुरुआत 2008 में हुई थी। अब तक इस लीग के कुल 16 सीजन खेले जा चुके हैं। इस लीग में अभी तक दो ऑक्शनीयर्स को ही नीलामी कराने का मौका मिला है। पहले थे रिचर्ड मैडली और दूसरे फिलिप एडमीड्स। आईपीएल के पहले 10 सालों में रिचर्ड मैडली नीलामी आयोजित करते थे। इसके बाद फिलिप एडमीड्स ने ये भूमिका निभाई। आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन के दौरान एडमीड्स की तबियत खराब हो गई थी, जिसके बाद चारू शर्मा ने उस दिन नीलामी को आगे बढ़ाया था।
गुजरात के पास सबसे ज्यादा पैसे
नीलामी के लिए गुजरात टाइटन्स के पास पर्स में सबसे ज्यादा पैसे बचे हैं। उनके पर्स में 38.15 करोड़ रुपये बचे हैं। गुजरात को कुल 8 खिलाड़ी खरीदने हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स के पर्स में सबसे कम 13.15 करोड़ रुपये बचे हैं। इस टीम को 6 खिलाड़ी खरीदने हैं।
टीम | मौजूदा खिलाड़ी | पर्स में बचे रुपये | कितने प्लेयर खरीद सकते हैं |
गुजरात टाइटन्स (GT) | 17 | 38.15 करोड़ | 8 |
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) | 19 | 34 करोड़ | 6 |
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) | 13 | 32.7 करोड़ | 12 |
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) | 19 | 31.4 करोड़ | 6 |
पंजाब किंग्स (PBKS) | 17 | 29.1 करोड़ | 8 |
दिल्ली कैपिटल्स (DC) | 16 | 28.95 करोड़ | 9 |
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) | 19 | 23.25 करोड़ | 6 |
मुंबई इंडियंस (MI) | 17 | 17.75 करोड़ | 8 |
राजस्थान रॉयल्स (RR) | 17 | 14.5 करोड़ | 8 |
लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) | 19 | 13.15 करोड़ | 6 |