वैलेंटाइन डे के दिन इंदौर संभाग के खंडवा जिले से एक परेशान कर देने वाली खबर सामने आई है जहां एक प्रेमी जोड़े ने जहर खाकर खुदकुशी करने की कोशिश की। जिसके बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां लड़की की मौत हो गई, वहीं लड़के का इलाज किया जा रहा है। घटना खंडवा जिले के पंधाना थाना क्षेत्र के गोबरिया गांव की है। इस घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों को हुई तो वे उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान लड़की को मृत घोषित कर दिया, जबकि लड़का अभी भी खतरे में है, उसका सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें : भक्ति और शक्ति का मिलन होता है तो टूट जाती है गुलामी की दासता
मृतका के पिता ने लगाया लड़के पर आरोप
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान रोशनी के रूप में हुई है जबकि लड़के का नाम देवेन्द्र है। मृतका के पिता ने अपनी बेटी की मौत के लिए देवेन्द्र को दोषी ठहराया है। मृतका के पिता का कहना है कि देवेन्द्र उनके ही गांव का रहने वाला है। वह पिछले कुछ समय से उनकी बेटी के पीछे पड़ा हुआ था और संभव है कि उसने ही उनकी बेटी को ऐसा कदम उठाने के लिए उकसाया हो। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी बेटी से ऐसी उम्मीद नहीं थी। उधर, देवेंद्र के पिता ने बताया कि वह रात एक बजे तक घर नहीं आया। जिसके बाद उन्होंने देवेन्द्र को फोन किया तो उसने बताया कि उसने खेत में जहर खा लिया है। हम तुरंत लड़की के परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों को जिला अस्पताल ले गए।
लड़के की हालत में सुधार होने पर लिया जाएगा बयान
पंधाना थाना प्रभारी संजय पाठक ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी मिली है। दोनों को उनके परिजन घटनास्थल से सीधे जिला अस्पताल ले गए। कुछ देर बाद उन्हें अस्पताल से लड़की की मौत की सूचना मिली जबकि लड़का अभी भी खतरे में है। वे इस घटना का कारण जानने के लिए मृतक लड़की के परिवार के सदस्यों के साथ-साथ देवेन्द्र का बयान दर्ज करेंगे।
खबरों के लिए जुड़े रहें : https://deshrojana.com/