खुशी गौड, देश रोजाना
फरीदाबाद। देशभर में चंद्रयान-3 को लेकर देशवासियों कि आंखों में उम्मीद की किरण दिखाई दे रही है तो वहीं इसकी सफलता के लिए लोग प्रार्थना करते हुए दिख रहे हैं। भारत का चंद्रयान-3 बुधवार को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड करने के लिए तैयार है। चंद्रयान-3 बुधवार की शाम 5 बजकर 20 मिनट पर चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करेगा। केवल भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर की नजर इसी पर टिकी हुई हैं। देशभर में चंद्रयान-3 की सफलता को लेकर देश में प्रार्थना, पूजा-पाठ और दुआओं का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में फरीदाबाद जिले में चंद्रयान-3 की सफलता के लिए पाली चौक स्थित अनादि सेवा प्रकल्प वृद्ध आश्रम में हवन का आयोजन किया गया। जिससे चंद्रयान-3 सुरक्षित रूप से चांद पर लैंडिंग कर सके। इसके साथ ही हरियाणा सरकार की ओर से हरियाणा के सभी स्कूलों में इस लैंडिंग को दिखाया जाएगा। जिसके लिए हरियाणा सरकार ने आज बुधवार को सभी स्कूलों को शाम को एक घंटे के लिए खोलने की घोषणा की है। जिससे बच्चे भी चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग को देख पाएं।
मंगलवार को पाली चौक स्थित अनादि सेवा प्रकल्प वृद्ध आश्रम में हवन का आयोजन किया गया। आचार्य सर्वेश पांडे के द्वारा हवन का आयोजन कराया गया। इस दौरान आचार्य ने बताया कि हवन और यज्ञ के द्वारा पूरे विश्व में शांति के लिए भगवान से प्रार्थना भी की गई है। उन्होंने कहा कि सावन के महीने की खास तिथि में हवन का विशेष लाभ मिलता है। इसलिए मंगलवार को इस आयोजन में प्रकल्प के अध्यक्ष समेत अन्य लोगों की उपस्थिति के साथ हवन कर भगवान से प्रार्थना की है कि भारत का यह चंद्रयान-3 सरलतम तरीके से चंद्रमा के सतह पर उतर जाए और यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो।
वहीं इस कड़ी में हरियाणा सरकार द्वारा एक बड़ी घोषणा की गई। हरियाणा सरकार ने मंगलवार को यह घोषणा की कि इस बार हरियाणा में स्कूली बच्चे भी चंद्रयान की लैंडिंग देख सकेंगे। इसके लिए हरियाणा सरकार की ओर से सभी स्कूलों को शाम के समय एक घंटे के लिए खोला जाएगा। स्कूलों को बंद करने या छुट्टी की घोषणा तो सरकार की ओर से की ही जाती रही है लेकिन ऐसा पहली बार है जब हरियाणा सरकार ने सभी स्कूलों को एक घंटे के लिए खोलने का निर्णय लिया है। आपको बता दें कि चंद्रयान बुधवार शाम को 5 बजकर 20 मिनट पर लैंडिंग करेगा। इस बीच सभी स्कूलों को बुधवार शाम को 5 बजकर 15 मिनट से 6 बजकर 15 मिनट तक खोला जाएगा और बच्चों को चंद्रयान-3 की लैंडिंग दिखाई जाएगी।