केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मध्य प्रदेश के महाकौशल क्षेत्र के मंडला में बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाई। अमित शाह ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर अल्पसंख्यक तुष्टिकरण का आरोप लगाया इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सरकार को आदिवासियों दलितों, गरीबों और पिछले वर्गों के कल्याण पर ध्यान केंद्रित करने वाली सरकार बताया। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि यूपीए और कांग्रेस की सरकार में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा था कि देश की तिजोरी पर सबसे पहला अधिकार अल्पसंख्यकों का है। साल 2014 में जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने कहा कि देश के खजाने पर आदिवासियों और गरीबों का अधिकार है।
कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए जल, जंगल और जमीन के अधिकार की मात्र बातें की है लेकिन मोदी सरकार ने जल, जंगल और जमीन के साथ सुरक्षा, सम्मान और समावेशी विकास को जोड़कर आदिवासियों का कल्याण किया है। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने यह भी कहा कि मनमोहन सिंह की सरकार में आदिवासियों के लिए 24000 करोड़ रुपए का बजट था जबकि मोदी सरकार ने 1.9 लाख करोड़ रुपए का बजट दिया है। कांग्रेस ने सालों तक देश पर राज किया लेकिन किसी आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति नहीं बनाया जबकि मोदी और बीजेपी ने गरीब परिवार की बेटी द्रोपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाया आज हम जनजाति समाज से आशीर्वाद मांगने आए हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मध्य प्रदेश को बीमारू से बेमिसाल राज्य बनाने का अद्भुत काम हुआ है इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कोशिश है महत्वपूर्ण रही है, इसके साथ उन्होंने दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि दिगविजय सिंह मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य बनाकर छोड़ गए। शिवराज सिंह चौहान ने गरीब और पिछड़ों के कल्याण और सम्मान का काम किया है। मध्य प्रदेश को विकसित राज्य बनाया है, जनजाति विकास में मध्य प्रदेश पेसा कानून को जमीन पर उतरने वाला पहला राज्य बना है।