फरीदाबाद। शहर के विभिन्न हिस्सों में हुए सड़क हादसों में एक युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई, वहीं दो युवक घायल हो गए। जिसमें से एक अस्पताल में भर्ती है। वहीं दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवा कर पुलिस ने शवों को परिजनों को सौंप दिया है।
कार ने मारी बाइक को टक्कर, एक मौत
सुनील ने बताया कि वह नंगला एक्लेव भाग दो में रहता है, उसने बताया कि मामा-फूफी के तीन बच्चे, जिसमें 20 वर्षीय विशाल अपने दो भाईयों 18 वर्षीय अभिषेक और 17 वर्षीय विकास को लेकर बीती रात सीकरी स्थित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। वहां से तीनों बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे। जब वह बल्लभगढ़ सोहना फ्लाईओवर पर चढ़ने वाले थे, तभी एक आल्टो कार सवार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को बुरी तरह से टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार अभिषेक, विकास, विशाल तीनों गिर गए। मौके पर ही विकास की मौत हो गई। अभिषेक के पैर में चोट कम थी, जिस पर उसने परिजनों और पुलिस को इसकी सूचना दी। बल्लभगढ़ बस अड्डा चौकी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। जांच में पता चला कि मोटर साइकिल विशाल चला रहा था। बीच में अभिषेक बैठा था। विकास सबसे पीछे बैठा था। इस हादसे में सबसे ज्यादा चोट विकास और विशाल को आई। दोनों को उपचार के लिए बीके अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टर ने विकास को मृत घोषित कर दिया। मृतक विकास बल्लभगढ़ बस स्टैंड के सामने रेहड़ी पर फोन का सामान बेचता था। वहीं विशाल को सिर, गर्दन और पैरों में अधिक चोट होने के कारण अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। अभिषेक को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को शव पुलिस ने सौंप दिया है, फिलहाल आरोपी फरार है, गाड़ी को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
बाइकों की टक्कर में एक की मौत
गांव छांयसा निवासी दिनेश ने बताया कि 6 फरवरी की रात को वह अपने ताऊ के लड़के राजेश के साथ साहुपुरा खादर शादी में शामिल होने के लिए गए थे। दोनों अपनी अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर गए थे। शादी से वापस आते वक्त घरोड़ा रोड पर स्थित नवोदय स्कूल के पास तेज रफ्तार से आ रही मोटरसाइकिल ने राजेश की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। जिसके चलते दोनों मोटरसाइकिल चालक सड़क पर गिर गए। इस हादसे के बारे में परिवार वालों को सूचना दी। घायल राजेश को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।