Saturday, July 27, 2024
30.1 C
Faridabad
इपेपर

रेडियो

No menu items!
HomeSPORTSCricketविश्व कप 2023 : डिकॉक और रबादा के तूफान में उड़ा ऑस्ट्रेलिया

विश्व कप 2023 : डिकॉक और रबादा के तूफान में उड़ा ऑस्ट्रेलिया

Google News
Google News

- Advertisement -

AUS vs SA : क्रिकेट विश्व कप 2023 (Cricket World Cup 2023) में गुरुवार को साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला हुआ। इस मैच में साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 134 रन से हरा दिया। यह उसकी लगातार दूसरी जीत है। साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उसके लिए कागिसो रबादा ने तीन, केशव महाराज, मार्को यानसेन और तबरेज शम्सी ने दो-दो विकेट चटकाए। साउथ अफ्रीका की शानदार गेंदबाजी के सामने ऑस्ट्रेलियाई टीम 40.5 ओवर में 177 रन पर ढेर हो गई।

विश्व कप 2023 में ऑस्ट्रेलिया की लगातार दूसरी हार

विश्व कप 2023 (Cricket World Cup 2023) में ऑस्ट्रेलिया की यह लगातार दूसरी हार है। आज भी उसके बल्लेबाज नहीं चले। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मार्नस लाबुशेन ने सर्वाधिक 46 रन बनाए। उन्होंने मिशेल स्टार्क (27) के साथ 69 रन की साझेदारी भी की। इन दोनों के अलावा कप्तान पैट कमिंस (22) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए।

विश्व कप 2023 में साउथ अफ्रिका का कमाल

विश्व कप 2023 (Cricket World Cup 2023) के बाद वनडे को अलविदा कहने जा रहे क्वांटन डिकॉक ने शानदार पारी खेली। उन्होंने आठ चौकों और पांच छक्कों की मदद से 109 रन बनाए। उनकी पारी से साउथ अफ्रीका ने सात विकेट पर 311 रन बनाए। यह लखनऊ में वनडे इंटरनेशनल में सबसे बड़ा स्कोर है। उन्होंने कप्तान तेंबा बावुमा (35) के साथ पहले विकेट के लिए 108 रन जोड़े। ऐडम मार्कराम ने भी 56 रन बनाए।

विश्व कप 2023 में ऑस्ट्रेलिया की फिर खराब शुरुआत

लक्ष्य का पीछा करने उतरे ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने सातवें ओवर में 27 रन तक दोनों सलामी बल्लेबाजों को गंवा दिया। मिशेल मार्श 7 और डेविड वार्नर 13 रन बना सके। 18वें ओवर तक टीम का स्कोर छह विकेट पर 70 रन हो गया था। स्टीव स्मिथ ने 19 रन बनाए। उन्हें रबादा ने पवेलियन भेजा। रबादा ने अपने अगले ओवर में जोश इंगलिस को पगबाधा किया। बाएं हाथ के स्पिनर महाराज ने ग्लेन मैक्सवेल (03) को अपनी ही गेंद पर लपका। 65 रन तक ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी।

इकाना की पिच पर खूब चले डिकॉक

इससे पहले डिकॉक ने इकाना की नई पिच पर स्वच्छंद होकर बल्लेबाजी की। ऑस्ट्रेलियाई आक्रमण के खिलाफ उन्होंने आसानी से रन बटोरे। ऑस्ट्रेलिया को खराब क्षेत्ररक्षण का भी खामियाजा भुगतना पड़ा। उसके क्षेत्ररक्षकों ने कई कैच टपकाए। लखनऊ सुपर जाइंट्स के लिए खेलने वाले डिकॉक ने सतर्क शुरुआत के बाद तेवर दिखाए। डिकॉक ने कमिंस की गेंद को डीप मिडविकेट के ऊपर से छह रन के लिए भेजकर 90 गेंद में शतक पूरा किया। उन्होंने इससे पहले जोश हेजलवुड पर फाइन लेग के ऊपर से लगातार दो छक्के भी मारे। वह हालांकि हैरानी भरे तरीके से आउट होकर पवेलियन लौटे।

- Advertisement -
RELATED ARTICLES
Desh Rojana News

Most Popular

Must Read

Recent Comments